Home Nationalशिव मंदिर जा रहे श्रद्धालुओं की जीप पलटी, 7 महिलाओं की मौत

शिव मंदिर जा रहे श्रद्धालुओं की जीप पलटी, 7 महिलाओं की मौत

by admin
0 comments

FM NEWS NETWORK
पुणे:महाराष्ट्र के पुणे जिले के खेड़ तालुका में सोमवार को एक भीषण सड़क हादसे में सात महिलाओं की मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक लोग घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब पापलवाड़ी गांव से महिलाएं और बच्चे कुंडेश्वर शिव मंदिर दर्शन के लिए जा रहे थे। घाट क्षेत्र में नागमोडी मोड़ चढ़ते समय पिकअप जीप अनियंत्रित हो गई और 25-30 फीट गहरी खाई में पलट गई। इस हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताया है और मुआवजे का ऐलान किया है।
बताया जा रहा है कि हादसा आज दोपहर करीब डेढ़ बजे हुआ। पिकअप में करीब 30 से 35 महिला श्रद्धालु सवार थीं। पुलिस के अनुसार, दुर्घटना में सात महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई गंभीर रूप से घायल हुईं। सभी घायलों को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। जहां कुछ की हालत नाजुक बताई जा रही है।इस घटना से पूरे इलाके में शोक का माहौल है। पिंपरी-चिंचवड पुलिस के डीसीपी शिवाजी पवार ने बताया कि हादसा महालुंगे एमआईडीसी पुलिस थाना क्षेत्र में हुआ। हादसे के कारणों की जांच जारी है। बताया जा रहा है कि घाट पर चढ़ाई के दौरान वाहन रिवर्स आने लगा और पांच से छह बार पलटी खाने के बाद सड़क किनारे खाईं में जा गिरा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर दुख जताते हुए ‘एक्स’ पर कहा, “पुणे में हादसे में लोगों की मौत से दुखी हूं। जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति संवेदनाएं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।” पीएम मोदी ने घोषणा की कि प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।

You may also like

Leave a Comment

Empowering Minds with Truth, Facts, News, Insights, and Awareness Daily

Laest News

@2026   The Vocal Story .  All Right Reserved. Designed and Developed by EBS